विदेश में अकादमिक शोध, छात्रवृति एवं रोज़गार अवसर पर प्रो सचिन ने कार्यशाला में दी जानकारी
Alok Kumar Tiwari
2 years ago
53 views
29 Sep 2024
विदेश में अकादमिक शोध, छात्रवृति एवं रोज़गार अवसर पर प्रो सचिन ने कार्यशाला में दी जानकारी
कुशीनगर । बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुशीनगर में कम्युनिटी साइकोलॉजी एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (सीपीएआई) व मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित सप्त दिवसीय "शोध पद्धति एवम् बहुचरीय विश्लेषण" विषयक कार्यशाला के छठवें दिन के प्रथम सत्र में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर, के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो अजय प्रताप सिंह ने "एकाधिक प्रतिगमन विश्लेषण" विषय पर व्याख्यान दिया। प्रो सिंह ने एसपीएसएस सॉफ्टवेयर का प्रयोग करते हुए प्रतिभागियों को कई सांख्यिकीय मॉडल सिखाये। दूसरे सत्र में प्रोविडेंस विश्वविद्यालय अमेरिका से पधारे प्रो सचिन जैन ने छात्रों को "विदेश में अकादमिक शोध, छात्रवृति एवं रोज़गार-अवसर" विषय पर व्याख्यान दिया। प्रो जैन ने क्रमवार तरीके से प्रतिभागियों को बताया कि वे कैसे जीआरई एवं टीओईएफएल की परीक्षाएं उत्तीर्ण करें। किस तरह से अमेरिका के जाने माने विश्वविद्यालय में पीएचडी हेतु छात्रवृति सहित दाख़िला प्राप्त करें। प्रो जैन जो स्वयं लखीमपुर ज़िले (उत्तर प्रदेश) से है और उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है। प्रतिभागियों ने उनसे कई प्रश्न पूछे और ऑफलाइन उपस्थित विद्यार्थियों में से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम पढ़ रहे आशीष कुमार, शमशुद्दीन अंसारी, आँचल वर्मा, आकांक्षा तिवारी एवं दीपक सैनी ने प्रशिक्षण-लाभ हेतु प्रो. जैन एवं आयोजकों को हृदय से धन्यवाद दिया। कार्यशाला समन्वयक प्रो अमृतांशु शुक्ल एवं सीपीएआई महासचिव प्रो रामजी लाल ने क्रमशः दोनों ने प्रथम व द्वितीय सत्र के अतिथि प्रवक्ताओं का परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन कार्यशाला की सचिव प्रो सीमा त्रिपाठी ने किया।हाइब्रिड मोड में संचालित हो रही इस कार्यशाला में कुल 118 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम में एसोसिएट प्रो रीना मालवीय एवं डॉ वीरेन्द्र कुमार साहू इत्यादि उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
अज्ञेय ने भारतीय परम्परा को यूरोपीय आधुनिकता के साथ जोड़कर किया प्रस्तुत
Mar 08, 2026 02:55 pm